सरायकेला के मुरुप में ग्राम प्रधान जीत मोहन महतो के तालाब के जल की हुई वैदिक प्रतिष्ठा,
Seraikella
सरायकेला प्रखंड के मुरुप गांव में बुधवार को ग्राम प्रधान जीत मोहन महतो द्वारा निर्मित तालाब के जल की प्रतिष्ठा वैदिक विधि-विधान एवं मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न हुई। अनुष्ठान पंडित यदुनंदन होता ने संपन्न कराया। धार्मिक अनुष्ठान के बाद तालाब को सामाजिक एवं धार्मिक उपयोग के लिए समर्पित किया गया। जानकारी के अनुसार, ग्राम प्रधान जीत मोहन महतो ने अपनी निजी भूमि पर एक तालाब और दो स्नान घाट का निर्माण कराया है। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद वैदिक रीति से जल प्रतिष्ठा कर तालाब का विधिवत लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान जीत मोहन महतो ने कहा कि हिन्दू धर्म में तालाबों को जल के देवता वरुण देव और माता लक्ष्मी का निवास माना जाता है। जल प्रतिष्ठा का उद्देश्य जल को पवित्र बनाना, उसमें सकारात्मक एवं औषधीय गुणों का संचार करना तथा पूरे स्थल को आध्यात्मिक ऊर्जा से अभिसिंचित करना है। उन्होंने कहा कि इस अनुष्ठान के बाद तालाब का जल दैनिक उपयोग के साथ-साथ धार्मिक कार्यों के लिए भी शुभ एवं उपयोगी माना जाएगा।
अनुष्ठान के समापन पर यज्ञ की पूर्णाहुति दी गई तथा उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। कार्यक्रम में लाल मोहन महतो, गौर दास, भैरब प्रधान, संतोष प्रधान, विशेश्वर प्रधान, शिवनाथ महतो, सपन महतो, रीना महतो, हेमसागर प्रधान, राहुल महतो, तुषार कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
