रेफरल अस्पताल की छवि से बाहर निकल रहा है सरायकेला का सदर अस्पताल : मनोज कुमार चौधरी
Seraikella
नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष श्री मनोज कुमार चौधरी ने अपने नियमित साप्ताहिक निरीक्षण के क्रम में सदर अस्पताल, सरायकेला का भ्रमण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उपचार, चिकित्सकीय व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता तथा अस्पताल की अन्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान अधिकांश मरीजों एवं उनके परिजनों ने अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के व्यवहार तथा उपचार व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। यह जानकर श्री चौधरी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सरायकेला का सदर अस्पताल अब धीरे-धीरे केवल “रेफरल अस्पताल” की पुरानी छवि से बाहर निकलकर बेहतर उपचार और जनविश्वास का केंद्र बनता जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सिविल सर्जन के साथ नियमित समन्वय बनाकर अस्पताल में कई आवश्यक सुधार कार्य किए जा रहे हैं। जल्द ही अस्पताल में एक आधुनिक डिजिटल एक्स-रे मशीन स्थापित की जाएगी। साथ ही आपातकालीन कक्ष के बाहर डॉक्टर एवं स्वास्थ्यकर्मियों के लिए अलग चेंबर का निर्माण कराया जा रहा है। इससे आपात स्थिति में मरीजों को डॉक्टर से संपर्क करने में होने वाली देरी समाप्त होगी और उपचार और अधिक त्वरित एवं प्रभावी ढंग से उपलब्ध हो सकेगा।
श्री चौधरी ने कहा कि सरायकेला एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बिच्छू एवं सर्पदंश के मामले अक्सर सामने आते हैं। ऐसे मरीजों के उपचार के लिए आवश्यक जीवनरक्षक इंजेक्शन एवं दवाइयां सदर अस्पताल में उपलब्ध हैं तथा जरूरतमंद मरीजों को समय पर उपचार दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि झारखंड के माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। सरकार की जनहितकारी नीतियों एवं जिला प्रशासन के सहयोग से सरायकेला सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का निरंतर विस्तार हो रहा है, जिससे आम लोगों को अपने जिले में ही बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो रही है।
अंत में उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जनसेवा की इसी भावना के साथ अस्पताल को और अधिक सक्षम एवं आधुनिक बनाने के लिए हरसंभव प्रयास जारी रहेंगे।
