खरसावां में रोजगारोन्मुखी बड़ई प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू, 30 जून तक होगा नामांकन
Kharsawan
खरसावां: अंचल अधिकारी कार्यालय, खरसावां द्वारा बेरोजगार युवक-युवतियों को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से बड़ई (कारपेंटर) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण भूमि सुधार उप समाहर्ता, सरायकेला के पत्र एवं नवीन भारत निर्माण संस्थान, चास (बोकारो) के सहयोग से संचालित होगा।
जारी आम सूचना के अनुसार प्रशिक्षण के लिए नामांकन की प्रक्रिया 20 जून 2026 से शुरू हो चुकी है, जो 30 जून 2026 तक चलेगी। प्रशिक्षण कार्यक्रम 5 जुलाई 2026 से प्रारंभ होगा तथा इसकी अवधि दो माह निर्धारित की गई है। प्रशिक्षण के दौरान प्रत्येक सप्ताह तीन घंटे का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण में मैट्रिक, इंटर एवं उच्च योग्यता प्राप्त बेरोजगार युवक-युवतियां भाग ले सकते हैं। प्रशिक्षण शुल्क सामान्य वर्ग के लिए 350 रुपये तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, विकलांग एवं महिलाओं के लिए मात्र 50 रुपये निर्धारित किया गया है।
नामांकन प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय, खरसावां में किया जाएगा, जबकि प्रशिक्षण पंचायत सचिवालय, खरसावां में आयोजित होगा। आवेदन के साथ दो पासपोर्ट आकार के फोटो, शैक्षणिक प्रमाण पत्र एवं आधार कार्ड की छायाप्रति जमा करनी होगी।
अंचल अधिकारी ने सभी जनसेवकों, पंचायत सचिवों, रोजगार सेवकों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं जनप्रतिनिधियों को निर्देश दिया है कि वे इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि अधिक से अधिक बेरोजगार युवा इसका लाभ उठाकर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्राप्त कर सकें।