*12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर इंडोर स्टेडियम, सरायकेला सभागार में योगाभ्यास कार्यक्रम का हुआ आयोजन….*
*योग हमारे कल्चर का हिस्सा है, योग से हमारे अंदर एकाग्रता, आत्मविश्वास और शांति का प्रवाह होता है : उप विकास आयुक्त, सरायकेला-खरसावां*
Seraikella
सरायकेला-खरसावां, 21 जून 2026 : 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन सरायकेला-खरसावां के तत्वावधान में इंडोर स्टेडियम,सरायकेला सभागार में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उप विकास आयुक्त श्रीमती रीना हांसदा,अध्यक्ष नगर पंचायत सरायकेला श्री मनोज चौधरी तथा विधायक प्रतिनिधि सरायकेला श्री सानंद आचार्य द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) , जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री कैलाश मिश्रा, उत्पाद अधीक्षक श्री विजय खितिज मिंज, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री अविनाश कुमार, जिला खेल पदाधिकारी श्री अमित कुमार, आयुष्मान चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. पूनम सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी, स्थानीय नागरिक, स्कूली छात्र-छात्राएं तथा विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त श्रीमती रीना हांसदा ने सभी उपस्थित जनों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति एवं जीवन दर्शन की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की व्यस्त एवं तनावपूर्ण जीवनशैली में योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन एकाग्र एवं विचार सकारात्मक बने रहते हैं। योग न केवल विभिन्न रोगों की रोकथाम में सहायक है, बल्कि यह आत्मविश्वास, अनुशासन, कार्यक्षमता एवं मानसिक शांति को भी बढ़ावा देता है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग करने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का आग्रह किया।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि “योग हमारे कल्चर का हिस्सा है। योग से हमारे अंदर एकाग्रता, आत्मविश्वास एवं शांति का प्रवाह होता है। स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। यदि हम नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करें तो अनेक शारीरिक एवं मानसिक समस्याओं से बचाव संभव है।”
अध्यक्ष नगर पंचायत सरायकेला श्री मनोज चौधरी ने भी योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग तनावमुक्त जीवन का सबसे प्रभावी साधन है। उन्होंने सभी से स्वस्थ, अनुशासित एवं संतुलित जीवन के लिए नियमित योग अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया। साथ ही योग के वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक पक्षों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया गया कि नियमित योगाभ्यास से तनाव, चिंता एवं अवसाद में कमी आती है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है तथा शारीरिक लचीलापन एवं ऊर्जा में वृद्धि होती है। प्रशिक्षकों ने योग को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का सरल एवं प्रभावी माध्यम बताते हुए सभी प्रतिभागियों को नियमित अभ्यास करने हेतु प्रेरित किया।
इस वर्ष 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Ageing” (स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग) है, जो जीवन के प्रत्येक चरण में शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए योग की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करती है। यह थीम स्वस्थ, सक्रिय एवं गरिमापूर्ण जीवनशैली को बढ़ावा देने का संदेश देती है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास करने तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
