नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता रैली, बच्चा चोर अफवाहों से सावधान रहने की अपील
Seraikella
सरायकेला : सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को साप्ताहिक बाजार परिसर एवं नगर क्षेत्र में नशा मुक्ति जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को नशाखोरी से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।
रैली में शामिल पुलिसकर्मियों ने आम लोगों से नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की। इस दौरान थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह ने कहा कि नशाखोरी परिवार और समाज दोनों के लिए घातक है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से नशे से दूर रहकर सकारात्मक कार्यों में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
मौके पर उन्होंने बच्चा चोर संबंधी अफवाहों से भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें और किसी भी संदिग्ध सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। रैली के दौरान लोगों को जागरूकता संबंधी संदेश भी दिए गए।
