डीडीसी ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक, *सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ दायित्वों का निर्वहन करने तथा कार्यक्रम की तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने का निर्देश…*
Seraikella
समाहरणालय सभागार, सरायकेला में आज उप विकास आयुक्त श्रीमती रीना हसदा की अध्यक्षता में आगामी 21 जून 2026 को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम के सफल, सुव्यवस्थित एवं व्यापक आयोजन को लेकर विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जिला स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन दिनांक 21 जून 2026 को प्रातः 07:00 बजे से 07:45 बजे तक इंडोर स्टेडियम, सरायकेला में किया जाएगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
उप विकास आयुक्त ने संबंधित विभागों को कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, बैठक व्यवस्था, ध्वनि विस्तारक यंत्र, चिकित्सा सहायता, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग तथा अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएं तथा विभागों के मध्य प्रभावी समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम को सफल बनाया जाए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम के अतिरिक्त सभी अनुमंडल एवं प्रखंड मुख्यालयों में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही जिले के आवासीय विद्यालयों, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों, विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा अन्य शैक्षणिक संस्थानों में भी योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिकाधिक विद्यार्थियों एवं युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।
उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि सभी विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी योग दिवस कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से सहभागिता सुनिश्चित करेंगे। साथ ही सभी विभाग अपने अधीनस्थ कार्यालयों एवं क्षेत्रीय इकाइयों के माध्यम से भी कार्यक्रम में अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक कार्रवाई करेंगे। आयुष विभाग, शिक्षा विभाग, खेल विभाग, जनसम्पर्क विभाग, नेहरू युवा केंद्र, JSLPS समेत अन्य सभी सम्बन्धित विभाग के सहयोग से व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
बैठक में योग दिवस के व्यापक प्रचार-प्रसार, जन-जागरूकता गतिविधियों, प्रतिभागियों के पंजीकरण, योग प्रशिक्षकों की उपलब्धता तथा कार्यक्रम के सफल संचालन से संबंधित अन्य व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन उत्तरदायित्वपूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में निदेशक, डीआरडीए श्री अजय तिर्की, निदेशक, आईटीडीए श्रीमती उषा मुंडू, जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. पूनम, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती सत्या ठाकुर, जिला नियोजन पदाधिकारी, उत्पाद अधीक्षक, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा, जिले के सभी नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी तथा संबंधित विभागों के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
