जनता दरबार में उपायुक्त ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन
Seraikella
सरायकेला : समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से उपायुक्त को अवगत कराया।
जनता दरबार में मुख्य रूप से भूमि विवाद, अनुकम्पा आधारित मामले, सौतेले भाई द्वारा जमीन एवं घर पर जबरन कब्जा करने, राजनगर प्रखंड के बढ़ासिजुलता एवं जाम्बनी गांव में वंचित घरों को नल-जल योजना से जोड़ने, मध्य विद्यालय जाम्बनी के जर्जर भवन को ध्वस्त कर चारदीवारी निर्माण कराने, पत्थर खदान, क्रशर इकाई, बालू घाट एवं ईंट भट्ठा से जुड़े नियमों के सरलीकरण, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में नामांकन, गम्हरिया एवं चांडिल में आंगनबाड़ी सेविका चयन में अनियमितता तथा नीमडीह प्रखंड के हूंडरू पारडीह में वन भूमि पर अवैध रूप से पत्थर एवं बालू भंडारण कर पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने जैसे मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।

इसके अलावा विभिन्न आधारभूत योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं। उपायुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को जांच कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आमजन से प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का संवेदनशीलता के साथ निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर त्वरित कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को समय पर न्याय एवं योजनाओं का लाभ मिल सके।
