*जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) प्रबंधन समिति की बैठक सम्पन्न, खनन प्रभावित क्षेत्रों में विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर दिए गए आवश्यक निर्देश…*
*स्वीकृत योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन, पारदर्शिता, नियमित अनुश्रवण एवं आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर दिया गया विशेष जोर…*
Seraikella
समाहरणालय सभागार में उपायुक्त, सरायकेला-खरसावां नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 के अंतर्गत स्वीकृत एवं प्रस्तावित योजनाओं की समीक्षा करते हुए खनन प्रभावित क्षेत्रों में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना (PMKKKY) अंतर्गत प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से खनन प्रभावित क्षेत्रों के चिन्हीकरण एवं संशोधित सूची के अनुमोदन पर चर्चा करते हुए समिति द्वारा आवश्यक अनुमोदन प्रदान किया गया। साथ ही जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट से संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा खनन प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु विभिन्न योजनाओं एवं प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान करने संबंधी बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। वित्तीय वर्ष 2022-23 एवं 2023-24 के ऑडिट एवं वार्षिक प्रतिवेदन की समीक्षा कर संबंधित बिंदुओं पर आवश्यक निर्णय भी लिए गए।
बैठक के दौरान निर्देश दिया गया कि DMFT अंतर्गत संचालित सभी योजनाओं का कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण कराया जाए। खनन प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, सिंचाई एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।
इसके अतिरिक्त प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से खनन प्रभावित क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाओं के चयन, प्राथमिकता निर्धारण एवं क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया कि स्थानीय आवश्यकता एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए विकासोन्मुख योजनाओं का चयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि खनन प्रभावित क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण हो तथा आमजन को योजनाओं का समुचित लाभ प्राप्त हो सके।
बैठक में आगामी पांच वर्षीय परिप्रेक्ष्य योजना तैयार करने हेतु बेसलाइन सर्वेक्षण कराने तथा आगामी वित्तीय वर्षों के ऑडिट कार्यों के अनुमोदन संबंधी विषयों पर भी चर्चा की गई। बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे तथा विभिन्न योजनाओं की अद्यतन स्थिति, क्रियान्वयन प्रगति एवं भावी कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में जिला खनन पदाधिकारी श्री ज्योति शंकर शतपथी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. नकुल चौधरी, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) श्री प्रदीप उरांव, रिसर्च एसोसिएट, समिति के विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता, कनीय अभियंता एवं अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
