खरसावां के सिलपिंगदा में पुलिस ने चलाया जनजागरूकता अभियान, महिला अपराध, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह, महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति पर दी जानकारी, महिला सुरक्षा एक सभ्य और प्रगतिशील समाज के लिए अनिवार्य है-गौरव कुमार
Kharsawan
खरसावां थाना क्षेत्र के सुदूरवती क्षेत्र स्थित सिलपिंगदा गांव में पुलिस प्रशासन के द्वारा जनजागरुकता अभियान चलाया गया। खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार ने पुलिस पब्लिक मैत्री संबंध को मजबूत बनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों को अलग-अलग सामाजिक और कानूनी जानकारी देते हुए जागरूक किया गया।

ग्राम सभा के दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने महिला अपराध, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह निषेध, महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति अभियान, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, डायल-112, साइबर फ्रॉड से बचाव हेतु टोल फ्री नंबर 1930 की जानकारी दी। साथ ही बच्चा चोरी जैसी अफवाहों को लेकर सतर्क किया और किसी भी तरह के अफवाह की सूचना पुलिस को देने की अपील की। इसके साथ ही महिलाओं के लिए बने कानूनी प्रावधानों एवं उनके अधिकारों के बारे में विस्तार से बताया गया।

ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा नियमों एवं “गुड सेमेरिटन” कानून की भी जानकारी दी गई, जिससे कि सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की मदद करने के लिए लोग आगे आ सके। वही स्कूली बच्चों के बीच थाना प्रभारी गौरव कुमार ने पाठ्य सामग्री का वितरण किया गया। शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने को प्रेरित किया। मौके पर श्री कुमार ने कहा कि महिला सुरक्षा एक सभ्य और प्रगतिशील समाज के लिए अनिवार्य है। कानून, सामाजिक जागरूकता और आत्मनिर्भरता के जरिए ही महिलाओं को भयमुक्त माहौल दिया जा सकता है, जिससे वे मानसिक, शारीरिक और आर्थिक रूप से सुरक्षित महसूस करे। इस दौरान सब इंस्पेक्टर श्यामबाबू राठौर, प्रकाश कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
