खरसावां में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बैठक, बैंक और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को दिए गए आवश्यक निर्देश,
Kharsawan
खरसावां क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने को लेकर खरसावां थाना परिसर में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी गौरव कुमार ने की। बैठक में विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक, मेडिकल स्टोर संचालक, पेट्रोल पंप संचालक तथा ज्वेलरी शॉप संचालक शामिल हुए।

इस दौरान थाना प्रभारी ने सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने की अपील की। उन्होंने बैंक एवं दुकानों में सीसीटीवी कैमरे सुचारू रूप से चालू रखने, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने, नकदी लेन-देन के दौरान सतर्कता बरतने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने का निर्देश दिया। ज्वेलरी दुकानों एवं पेट्रोल पंप संचालकों को विशेष रूप से सुरक्षा गार्ड रखने, अलार्म सिस्टम दुरुस्त रखने और रात के समय अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया। वहीं मेडिकल स्टोर संचालकों को भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए। मौके पर श्री कुमार ने कहा कि पुलिस आम जनता एवं व्यवसायियों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पुलिस और व्यवसायियों के बीच बेहतर समन्वय से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। बैठक में उपस्थित लोगों ने भी पुलिस प्रशासन को सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
