जनता दरबार में उठीं सड़क अतिक्रमण, अवैध शराब और स्वास्थ्य सेवाओं की शिकायतें
Seraikella
सरायकेला: समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को उपायुक्त के समक्ष रखा।
जनता दरबार में मुख्य रूप से गम्हरिया प्रखंड के लाल बिल्डिंग के समीप सड़क अतिक्रमण कर आवागमन बाधित किए जाने, चांडिल स्थित बामणी नदी मुक्ति धाम की जर्जर स्थिति एवं संपर्क पथ की मरम्मत, धान अधिप्राप्ति, राइट टू एजुकेशन एक्ट के तहत निजी विद्यालयों में नामांकन, ईचागढ़ थाना क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री तथा बालू उत्खनन पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
इसके अलावा राजनगर प्रखंड में जच्चा-बच्चा मृत्यु मामले में लापरवाही बरतने वाले चिकित्सा पदाधिकारियों, एएनएम एवं संबंधित कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की गई। वहीं आदित्यपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र मांझी टोला में सेविका चयन में अनियमितता को लेकर भी शिकायत दर्ज कराई गई। स्वास्थ्य, शिक्षा, खाद्य आपूर्ति एवं जन वितरण प्रणाली से जुड़े विभिन्न मामलों पर भी लोगों ने आवेदन सौंपे।
उपायुक्त ने जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन किया। शेष मामलों के त्वरित समाधान हेतु संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को जांच कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
