अवैध खनन पर जिला प्रशासन सख्त, ईंट भट्टों का औचक निरीक्षण
Seraikella
सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर रोक लगाने को लेकर जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। उपायुक्त नितीश कुमार सिंह के निर्देशानुसार जिला खनन विभाग की टीम ने आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मौजा कुलुपटांगा एवं आनंदपुर (बनडीह) तथा नीमडीह थाना क्षेत्र के मौजा सिरका में संचालित ईंट भट्टा इकाइयों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मौजा कुलुपटांगा एवं आनंदपुर (बनडीह) में दो ईंट भट्टा इकाइयां संचालित पाई गईं। जांच में इन इकाइयों में मिट्टी खनिज का उत्खनन एवं भंडारण किए जाने की पुष्टि हुई। वहीं कुलुपटांगा में एक अन्य ईंट भट्टा बंद पाया गया।
जिला खनन विभाग ने संचालित दोनों इकाइयों के विरुद्ध विभागीय प्रावधानों के तहत नोटिस एवं मांगपत्र जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दूसरी ओर, मौजा सिरका स्थित ईंट भट्टा संचालक द्वारा कार्यालय में राजस्व संबंधी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए गए।
उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
