सार्वजनिक स्थलों पर शराब सेवन के खिलाफ सख्त कार्रवाई, महिलाओं की सुरक्षा पर जोर
Seraikella
सरायकेला : महिलाओं की सुरक्षा एवं सार्वजनिक स्थलों पर व्यवस्था बनाए रखने को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के आलोक में अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) सरायकेला श्री अभिनव प्रकाश ने सरायकेला-आदित्यपुर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सर्विस लेन और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर खुलेआम शराब सेवन करते पाए गए लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। मौके पर मौजूद व्यक्तियों को कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने का निर्देश दिया गया।
एसडीओ ने स्पष्ट रूप से कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर इस प्रकार की हरकतें न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि इससे महिलाओं और आम नागरिकों की सुरक्षा भी प्रभावित होती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि नियमित रूप से ऐसे स्थानों की निगरानी की जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में व्यवस्था बनाए रखने और महिलाओं को सुरक्षित माहौल प्रदान करने की दिशा में सकारात्मक संदेश गया है।
