पश्चिम बंगाल की जीत को बताया ‘ऐतिहासिक जनसमर्थन’, यह समर्थन देश के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सकारात्मक संकेत है-अर्जुन मुंडा
Jharkhand
पश्चिम बंगाल में मिली राजनीतिक सफलता को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। इस पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने इसे केवल एक चुनावी परिणाम नहीं, बल्कि वर्षों के संघर्ष, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की भावना का प्रतीक बताया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 के चुनावों के दौरान कार्यकर्ताओं ने जिस साहस, धैर्य और प्रतिबद्धता का परिचय दिया, वही आज इस सफलता की मजबूत नींव बना है। उन्होंने इस जीत का श्रेय देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, गृहमंत्री अमित शाह की रणनीति और संगठन के राष्ट्रीय नेतृत्व के निरंतर प्रयासों को दिया। श्री मुंडा के अनुसार इस अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव और शहर-शहर जाकर लोगों तक अपनी बात पहुंचाई और राष्ट्रहित के मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाया। यही व्यापक जनसंपर्क इस सफलता का आधार बना। पार्टी नेताओं ने पश्चिम बंगाल की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए श्री मुंडा ने कहा कि यह प्रदेश सदैव बलिदान और राष्ट्रभक्ति की भूमि रहा है, और आज की यह जीत उसी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने का संकेत है। साथ ही असम और पांडिचेरी में भाजपा को मिले जनादेश को भी लोकतंत्र में विश्वास और विकास की राजनीति पर जनता की मुहर बताया गया। इन राज्यों के मतदाताओं और कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए श्री मुंडा ने कहा कि यह समर्थन देश के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सकारात्मक संकेत है। अंत में वक्ताओं ने कहा कि यह जीत केवल एक राजनीतिक उपलब्धि नहीं, बल्कि एक सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प भी है।
