नई एसपी निधि द्विवेदी का सरायकेला थाना में औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं की सराहना, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश
Seraikella
सरायकेला, 28 अप्रैल 2026: जिले की नई पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने सोमवार को सरायकेला थाना का औचक निरीक्षण कर विधि-व्यवस्था सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना प्रभारी विनय कुमार से थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों, कानून-व्यवस्था की स्थिति एवं अन्य प्रशासनिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण क्रम में एसपी ने अनुसूचित जाति-जनजाति थाना, महिला थाना, थाना हाजत, आगंतुक कक्ष एवं बाल मित्र थाना का बारीकी से निरीक्षण किया। थाना परिसर में साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं को संतोषजनक पाते हुए उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। साथ ही थाना प्रभारी विनय कुमार के कार्यों की सराहना करते हुए व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
बाल मित्र थाना को और बेहतर बनाने पर जोर
बाल मित्र थाना के निरीक्षण के दौरान एसपी निधि द्विवेदी ने इसे और अधिक बच्चों के अनुकूल बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि थाना के इंटीरियर को पूरी तरह चाइल्ड फ्रेंडली बनाया जाए, ताकि बच्चों को सहज एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके। इसके लिए फर्श पर मैट बिछाने एवं रंगीन सजावट के माध्यम से इसे आकर्षक बनाने की बात कही।
निरीक्षण के उपरांत एसपी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न मामलों की समीक्षा की और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के सख्त निर्देश दिए।
