राजनगर में जनगणना को लेकर प्रगणकों व पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण शुरू
Rajnagar
सरायकेला-खरसावां: राजनगर प्रखंड कार्यालय में सोमवार को आगामी जनगणना कार्य के सफल संचालन को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई। यह कार्यक्रम प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री मलय कुमार के निर्देशन में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें नामित प्रगणक एवं पर्यवेक्षक भाग ले रहे हैं।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। इसमें गृह सूचीकरण की प्रक्रिया, डेटा संग्रहण के तरीके, मोबाइल ऐप के उपयोग तथा फील्ड स्तर पर आने वाली संभावित समस्याओं के समाधान पर विशेष रूप से चर्चा की जा रही है।
अधिकारियों ने प्रशिक्षण के दौरान सभी प्रतिभागियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, सटीकता और पारदर्शिता के साथ करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसकी सफलता के लिए प्रशिक्षित एवं जिम्मेदार कर्मियों की भूमिका अहम होती है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनगणना कार्य में संलग्न कर्मियों को दक्ष बनाना है, ताकि पूरे प्रखंड में जनगणना का कार्य सफल, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से संपन्न हो सके।
