सरायकेला में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभुकों का भौतिक सत्यापन, शिविर आयोजित
Seraikella
सरायकेला: प्रखंड क्षेत्र के मुरुप, मुंडाटांड़ एवं ईटाकुदार पंचायतों में मंगलवार को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभुकों के भौतिक सत्यापन के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान संबंधित लाभुकों के दस्तावेजों की जांच करते हुए उनकी पात्रता का सत्यापन किया गया।

शिविर में अधिकारियों द्वारा लाभुकों के अभिलेखों का मिलान कर आवश्यकतानुसार अद्यतन की प्रक्रिया भी पूरी की गई। साथ ही उपस्थित लोगों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रावधानों की जानकारी दी गई और योजनाओं के पारदर्शी एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।
जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ वास्तविक और जरूरतमंद व्यक्तियों तक सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के भौतिक सत्यापन अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। इससे योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी और पात्र लाभुकों को समय पर सहायता मिल सकेगी।
