सरायकेला में अस्मिता सिटी लीग का शुभारंभ, वॉलीबॉल में गम्हरिया का दबदबा, खिलाडी बेहतर प्रदर्शन कर अपनी पहचान के साथ बल्कि राज्य और देश का नाम भी रोशन करें- मनोज,
Kharsawan
सरायकेला-खरसावां जिले में खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड सरकार के सौजन्य से सरायकेला के भगवान बिरसा स्टेडियम में आयोजित अस्मिता सिटी लीग प्रतियोगिता के तहत आज फुटबॉल, वॉलीबॉल एवं तीरंदाजी प्रतियोगिताओं का भव्य उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह में नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष मनोज कुमार चैधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जिस तरह सरायकेला-खरसावां जिला कला के क्षेत्र में अग्रणी रहा है, उसी प्रकार खेल के क्षेत्र में भी यहां की प्रतिभाएं लगातार अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने खिलाडयिों से अपील की कि वे कडी मेहनत और समर्पण के बल पर न सिर्फ अपनी पहचान बनाएं, बल्कि राज्य और देश का नाम भी रोशन करें। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद विधायक प्रतिनिधि सानंद आचार्य ने कहा कि जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत सिर्फ उन्हें सही मंच देने की है, ताकि वे अपने लक्ष्य तक पहुंच सकें। उन्होंने कडी धूप में भी ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं द्वारा दिखाए जा रहे प्रदर्शन की सराहना की। इस दौरान जिला ओलंपिक संघ के सचिव सिकंदर महतो, जिला तीरंदाजी संघ के सचिव सुमंत मोहंती, जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव मोहम्मद दिलदार, वॉलीबॉल संघ के पदाधिकारी सतीश प्रधान, बलराम महतो, संजय सुंडी सहित कई खेल संघों के पदाधिकारी और खिलाडी उपस्थित रहे।

वॉलीबॉल में गम्हरिया का दबदबा
आज आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिता में गम्हरिया प्रखंड की टीमों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। अंडर-14 वर्ग में केपीएस गम्हरिया ने गम्हरिया गर्ल्स को हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं अंडर-17 वर्ग में भी केपीएस गम्हरिया ने बालिका सनसनी को पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

फुटबॉल में नीमडीह बनी चैंपियन
फुटबॉल के अंडर-14 वर्ग में गम्हरिया इलेवन ने चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। जबकि अंडर-17 वर्ग में रोमांचक मुकाबलों के बाद नीमडीह की टीम ने फाइनल में खरसावां कस्तूरबा को 2-0 से हराकर जिले की चैंपियन टीम का खिताब जीता। इससे पहले खरसावां कस्तूरबा ने सेमीफाइनल में सरायकेला को ट्राई ब्रेकर में और चांडिल को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। प्रतियोगिता के अगले चरण में कल बिरसा मुंडा स्टेडियम में कबड्डी एवं एथलेटिक्स की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिसे लेकर खिलाडयिों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
