खरसावां का बेटा रौनक हेम्ब्रम बना जिला टॉपर, 97.80ः अंक से रचा इतिहास, प्रमुख, बीडीओ, सीओ, ने किया सम्मानित,
Kharsawan
झारखंड अधिविद्य परिषद की मैट्रिक परीक्षा-2026 में खरसावां प्रखंड के राजकीय प्लस टू उच्च विद्यालय के छात्र रौनक हेम्ब्रम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। रौनक ने 97.80 प्रतिशत अंक (कुल 489 अंक) प्राप्त कर न सिर्फ सरायकेला-खरसावां जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया, बल्कि कोल्हान प्रमंडल में भी द्वितीय स्थान हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया।

रौनक की इस उपलब्धि से पूरे खरसावां क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता पर स्थानीय प्रशासन द्वारा सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह खरसावां प्रखंड में आयोजित हुआ। जहां खरसावां प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रधान माझी, प्रखंड प्रमुख मनेंद्र जामुदा, अंचल अधिकारी कप्तान सिंकू एवं खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार ने संयुक्त रूप से छात्र को सम्मानित किया। इस दौरान अधिकारियों ने रौनक हेम्ब्रम की उपलब्धि की सराहना करते हुए उसे उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने छात्र को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने कहा कि रौनक की सफलता जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है और यह साबित करता है कि दृढ़ संकल्प और परिश्रम से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने भी छात्र की उपलब्धि पर खुशी जाहिर की और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
