सरायकेला में खेल सुविधाओं का विस्तार, नए कोर्ट और “खेल बैंक” का हुआ शुभारंभ
Seraikella
सरायकेला। जिले के खिलाड़ियों के लिए शुक्रवार का दिन खास रहा, जब स्थानीय बिरसा मुंडा स्टेडियम में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह एवं नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी ने संयुक्त रूप से वॉलीबॉल, लॉन टेनिस और बास्केटबॉल कोर्ट का उद्घाटन किया। साथ ही खिलाड़ियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “खेल बैंक” की भी शुरुआत की गई।
उद्घाटन समारोह के दौरान उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने कहा कि आधुनिक खेल सुविधाओं के विकसित होने से स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अभ्यास का अवसर मिलेगा। इससे वे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे। उन्होंने युवाओं को खेल के प्रति समर्पण और अनुशासन बनाए रखने की प्रेरणा भी दी।
नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिले में खेलों के प्रति युवाओं की रुचि लगातार बढ़ रही है। ऐसे में उन्हें बेहतर सुविधाएं और प्रोत्साहन देना आवश्यक है, ताकि वे आगे बढ़कर जिले और राज्य का नाम रोशन कर सकें।
कार्यक्रम में स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव मोहम्मद दिलदार, जिला खेल पदाधिकारी सुमंत मोहंती, सिकंदर महतो समेत कई खेल प्रेमी और खिलाड़ी उपस्थित रहे। इस दौरान जिले का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया गया।
समारोह में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला और खिलाड़ियों ने नई खेल सुविधाओं के शुरू होने पर खुशी जताई। यह पहल जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
