पैलेस रोड स्थित केदारनाथ सैलून के ऊपर लगी आग, स्थानीय युवकों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
Seraikella
सरायकेला नगर क्षेत्र के पैलेस रोड में स्थित केदारनाथ सैलून के ऊपर अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के स्थानीय युवक तुरंत मौके पर पहुंचे और अपनी तत्परता व साहस का परिचय देते हुए आग पर काबू पाने में जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ युवकों ने तत्काल दमकल विभाग को भी सूचना दी, लेकिन दमकल के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने मिलकर आग को नियंत्रित कर लिया। इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सैलून के ऊपर से हाई टेंशन बिजली तार गुजर रहा है और आसपास कई पेड़ भी मौजूद हैं। माना जा रहा है कि सूखे पत्तों के संपर्क में आने से चिंगारी भड़की और आग लग गई।
फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों की जागरूकता और तेजी से की गई कार्रवाई की सराहना की जा रही है।
