सरायकेला-खरसावां में नई एसपी का योगदान, महिला एवं बाल सुरक्षा पर रहेगा विशेष फोकस
Seraikella
सरायकेला-खरसावां: जिले की नई पुलिस अधीक्षक (एसपी) निधि द्विवेदी ने पदभार ग्रहण करते ही अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। उन्होंने कहा कि जिले में महिला एवं बच्चों से जुड़े मामलों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी और ऐसे मामलों के त्वरित एवं संवेदनशील निष्पादन को सुनिश्चित किया जाएगा।
एसपी निधि द्विवेदी ने बताया कि अपराध नियंत्रण के लिए एक ठोस रणनीति तैयार की जा रही है, जिसके तहत अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले को अपराधमुक्त बनाने की दिशा में पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।
पदभार ग्रहण करने के अवसर पर जिला पुलिस द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सवैया, चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अरविंद बिंद्रा, डीएसपी सहित सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।
नवपदस्थापित एसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करने और आम जनता के प्रति संवेदनशील रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है, जिसे हर हाल में बनाए रखना प्राथमिकता होगी।
