जिले में 19 अप्रैल को JPSC परीक्षा, प्रशासन ने कसी कमर
Seraikella
सरायकेला-खरसावां: आगामी 19 अप्रैल 2026 को जिले में झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षा 8 निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा को कदाचारमुक्त, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियाँ पूरी कर ली हैं।

इसी क्रम में समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश लूनायत की उपस्थिति में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, उड़न दस्ता दल तथा केंद्र पर्यवेक्षकों के साथ विस्तृत ब्रीफिंग आयोजित की गई।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी स्थिति में परीक्षा की गोपनीयता भंग नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी केंद्रों पर Do’s & Don’ts का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने तथा स्पष्ट बैनर लगाने को कहा, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असमंजस की स्थिति न हो। साथ ही परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार के भीतर रोल नंबर, कक्ष संख्या एवं अन्य आवश्यक जानकारी से संबंधित सूचना पत्रक लगाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने केंद्र अधीक्षकों को निर्देशित किया कि प्रत्येक परीक्षा कक्ष में घड़ी की व्यवस्था अनिवार्य रूप से हो तथा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, बिजली, पंखा सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहें। सेंट्रल सुपरिंटेंडेंट एवं उड़न दस्ता टीम को पूर्व निरीक्षण कर सभी तैयारियों की समीक्षा करने और कमियों को समय रहते दूर करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि JPSC राज्य की महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक है, जिसे निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों का प्रवेश सघन जांच (फ्रिस्किंग) के बाद ही होगा तथा मोबाइल, ब्लूटूथ जैसे किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। कदाचार या अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, निदेशक DRDA अजय तिर्की, जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेंद्र उरांव, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
