राजनगर में सत्ता परिवर्तन: अविश्वास प्रस्ताव पास, प्रमुख आरती हांसदा पद से हटीं
Rajnagar
राजनगर: प्रखंड कार्यालय सभागार में गुरुवार को प्रखंड प्रमुख के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। पूरी प्रक्रिया अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रसाद की निगरानी में पारदर्शिता के साथ कराई गई।
मतदान में कुल 24 समिति सदस्यों ने हिस्सा लिया, जिसमें 22 सदस्यों ने प्रमुख आरती हांसदा के खिलाफ मतदान किया, जबकि मात्र 2 सदस्यों ने उनके पक्ष में वोट डाला। भारी बहुमत से अविश्वास प्रस्ताव पारित होते ही आरती हांसदा को प्रखंड प्रमुख पद से हटा दिया गया और उनका कार्यकाल तत्काल प्रभाव से समाप्त हो गया।
परिणाम घोषित होने के बाद प्रशासन ने आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, जल्द ही नए प्रखंड प्रमुख के चुनाव की प्रक्रिया भी प्रारंभ की जाएगी।
इस घटनाक्रम के बाद प्रखंड की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और आगामी नेतृत्व को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।
