सरायकेला सदर अस्पताल में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, 22 यूनिट रक्त संग्रह,
Seraikella
सरायकेला। नगर पालिका ओड़िआ मध्य विद्यालय के वर्ष 1994 के आठवीं पास-आउट छात्रों की पहल पर रविवार को सदर अस्पताल सरायकेला स्थित ब्लड बैंक में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में साथियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कुल 22 यूनिट रक्त का संग्रह किया गया।

जानकारी के अनुसार शिविर में कुल 27 लोग रक्तदान के लिए पहुंचे थे, लेकिन चिकित्सकीय जांच के बाद विभिन्न कारणों से पांच लोगों का रक्त नहीं लिया जा सका। इसके बावजूद रक्तदाताओं के उत्साह और सहयोग से शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

कार्यक्रम को सफल बनाने में राकेश महंती, गोलक बिहारी, अनुज कुमार आचार्य, राजू पटनायक, समीर सामल, जगबंधु आचार्य, मनी ज्योतिषी, गौतम ज्योतिषी, सुमन धीर सामंत, लिली साहू, रिंकी महंती सहित अन्य लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं पवन कवि, बब्बन सिंह, आलोक साहू और विजय पटनायक ने रक्तदान कर इस अभियान को मजबूती दी।
शिविर के दौरान समाजसेवी जलेश कवि भी मौके पर पहुंचे और युवाओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने स्वयं भी रक्तदान कर लोगों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया।
आयोजकों ने बताया कि सदर अस्पताल के ब्लड बैंक में समय-समय पर रक्त की आवश्यकता को देखते हुए इस शिविर का आयोजन किया गया, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने कहा कि ऐसे सामाजिक कार्यों से समाज में मानवता, सेवा और सहयोग की भावना को बढ़ावा मिलता है।
