खरसावां में कलश यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत पुराण कथा का शुभारंभ, सात दिनों तक गूंजेगा भक्ति का स्वर, भगवान श्रीकृष्ण की कथा को सुनने से मनुष्य धर्म के मार्ग पर चलकर करता मोक्ष की प्राप्ति
kharsawan
खरसावां के बेहरासाई में रविवार को धार्मिक विधि-विधान और मंत्रोच्चारण के साथ भव्य श्रीमद् भागवत पुराण कथा का शुभारंभ कलश यात्रा के साथ किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने पारंपरिक वेशभूषा में भाग लेते हुए पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।

कथावाचक रजत रसराज महाराज के नेतृत्व में खरसावां के तलसाही स्थित सोना नदी से पवित्र जल भरकर कलश यात्रा की शुरुआत हुई। महिला श्रद्धालुओं ने लाल साड़ी पहनकर सिर पर नारियल और फूल मालाओं से सुसज्जित कलश धारण किए और भगवान के जयकारों के साथ यात्रा निकाली।
कलश यात्रा सोना नदी से प्रारंभ होकर हाईस्कूल चौक, तलसाई, बजारसाई, गोपबंधु चौक, कुम्हारसाई होते हुए बेहरासाई स्थित कथा आयोजन स्थल पहुंची। यहां धार्मिक विधि एवं मंत्रोच्चारण के साथ कलश की स्थापना की गई।

कथा आरंभ से पहले कथावाचक रजत रसराज महाराज ने श्रद्धालुओं को श्रीमद् भागवत कथा की महिमा बताते हुए कहा कि सभी कथाओं में इसे सर्वोत्तम माना गया है। जिस स्थान पर इस कथा का आयोजन होता है, वह स्थान तीर्थ के समान हो जाता है। उन्होंने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण की वाणी से निकली इस कथा को सुनने से मनुष्य के भीतर की बुराइयाँ समाप्त होती हैं और वह धर्म के मार्ग पर चलकर मोक्ष की प्राप्ति करता है।
उन्होंने यह भी बताया कि इस कथा को सबसे पहले अभिमन्यु के पुत्र राजा परीक्षित ने सुना था, जिससे उनके भीतर मृत्यु का भय समाप्त हो गया और उन्हें मोक्ष की प्राप्ति हुई।
सात दिनों तक रहेगा भक्तिमय माहौल
बेहरासाई पंचायत भवन मैदान में आयोजित यह संगीतमय श्रीमद् भागवत पुराण कथा 21 मार्च 2026 तक चलेगी। प्रतिदिन शाम 6 बजे से कथा का वाचन किया जाएगा, जो रात्रि तक जारी रहेगा। कार्यक्रम का समापन हवन और महाप्रसाद वितरण के साथ होगा।
इस धार्मिक आयोजन का संचालन रामकृष्ण कथा समिति, बेहरासाई द्वारा किया जा रहा है।
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष कृष्ण गोपाल ज्योतिषी, सचिव अभिलाष ज्योतिषी, कोषाध्यक्ष मदन नापित, सौरव ज्योतिषी, आदर्श मिश्रा, शैलेस सिंह, पंकज तिवारी, चंदन महतो, प्रकाश बारिक, बिकाश बारिक, बिकू बारिक, अजय बारिक, महादेव मोदक, सूरज बारिक, संदीप साहू, प्रीतम मोदक, बंटी साहू आदि मौजूद थे।
