सरायकेला में रेलिंग से टकराई बाइक, आरक्षी आशीष मिश्रा गंभीर रूप से घायल,
Seraikella
सरायकेला थाना क्षेत्र के अंतर्गत जमशेदपुर-सरायकेला मुख्य मार्ग के सदर अस्पताल के समीप सड़क दुर्घटना में बाइक सवार आरक्षी आशीष मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार आरक्षी आशीष मिश्रा पुलिस लाइन सरायकेला में पोस्टेड है और किसी काम से सरायकेला बाजार जा रहे थे। तभी अचानक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकरा गई।

टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और आरक्षी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय व राहगीर मौके पर पहुंचे और घायल आरक्षी को तत्काल स्थानीय सदर अस्पताल सरायकेला में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। चिकित्सकों की टीम लगातार उनके उपचार में जुटी हुई है। दुर्घटना के कारणों का पता नही चला है।
