जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी ने कुकड़ू एवं ईचागढ़ प्रखंड में SIR कार्य के तहत दावा-आपत्ति प्रक्रिया का किया निरीक्षण…*
*ELC गतिविधियों के माध्यम से मतदान के महत्व एवं नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने हेतु किया गया जागरूक…*
Chandil
चांडिल अनुमंडल अंतर्गत कुकड़ू एवं ईचागढ़ प्रखंड में संचालित SIR (Special Intensive Revision) कार्य के अंतर्गत दावा-आपत्ति प्रक्रिया का जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती पारुल सिंह द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों से कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए दावा-आपत्ति से संबंधित कार्यों का निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप निष्पादन सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के क्रम में SN +2 हाई स्कूल, टीकर, ईचागढ़, राजकीय +2 हाई स्कूल, तिरुलडीह, कुकड़ू तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का भ्रमण किया गया। इन विद्यालयों में ELC (Electoral Literacy Club) गतिविधियों का आयोजन कर विद्यार्थियों को मतदान एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया गया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं द्वारा मतदाता जागरूकता से संबंधित चित्रकला एवं आकर्षक रंगोली तैयार की गई, जिसकी सराहना की गई।
इस दौरान विद्यार्थियों से मतदान एवं मतदाता सूची से संबंधित विषयों पर संवाद करते हुए प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई तथा सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। विद्यालय पहुंचने पर छात्राओं द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत भी किया गया।
ELC गतिविधियों के माध्यम से 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले एवं मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र युवाओं को Form-6 के माध्यम से अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही, मतदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को जागरूक मतदाता के रूप में अपने मताधिकार का प्रयोग करने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया।
आमजनों एवं विद्यार्थियों को मतदाता सूची में अपने नाम एवं विवरण की जांच करने तथा आवश्यकतानुसार निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा-आपत्ति अथवा Form-6 के माध्यम से आवेदन करने के लिए भी जागरूक किया गया।
