*उपायुक्त ने आपूर्ति विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक सम्पन्न…*
*अक्टूबर माह में शत-प्रतिशत खाद्यान्न वितरण तथा नवंबर-दिसंबर माह की DSD निर्धारित समय पर पूर्ण कराने के निर्देश…*
Seraikella
सरायकेला-खरसावाँ, 05 अक्टूबर 2026 : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त, सरायकेला-खरसावाँ श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आपूर्ति विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS), खाद्यान्न उठाव एवं वितरण, दाल-भात योजना, डाकिया योजना, चावल दिवस, सोना-सोबरन धोती-साड़ी योजना, ई-केवाईसी, आधार सीडिंग, डीलर टैगिंग/री-टैगिंग, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के तहत खाद्यान्न वितरण, नमक वितरण, डोर-स्टेप डिलीवरी (DSD), गोदामों की स्थिति, धान अधिप्राप्ति एवं किसान पंजीकरण सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई।
समीक्षा के क्रम में सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों (MO) को खाद्यान्न उठाव एवं वितरण की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को प्रखंड स्तर पर मासिक समीक्षा कर समयबद्ध खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। सभी पात्र लाभुकों को निर्धारित मात्रा में चावल, चना दाल, नमक एवं चीनी का समय पर वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया।

*सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को PDS दुकानों के नियमित स्टॉक सत्यापन एवं अनियमितता पर सख्त कार्रवाई के दिए गए निर्देश…*
उपायुक्त ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को जन वितरण प्रणाली की दुकानों का नियमित स्टॉक सत्यापन एवं औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित डीलर के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा नोटिस के पश्चात नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
पूर्व की बैठकों में दिए गए निर्देशों के बावजूद जिन प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों द्वारा नियमित स्टॉक निरीक्षण नहीं किया गया है अथवा निरीक्षण से संबंधित जांच प्रतिवेदन विभाग को उपलब्ध नहीं कराया गया है, ऐसे मामलों में संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश जिला आपूर्ति पदाधिकारी को दिया गया।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि खाद्यान्न के उठाव एवं वितरण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिकायत पाए जाने पर संबंधित सहायक गोदाम प्रबंधक (AGM) एवं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी की जवाबदेही तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में NFSA अंतर्गत सभी लाभुकों का शत-प्रतिशत ई-केवाईसी एवं आधार सीडिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके लिए विशेष शिविर आयोजित कर लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने तथा तकनीकी अथवा अन्य कारणों से लंबित प्रकरणों का विभागीय समन्वय से शीघ्र समाधान कराने को कहा गया।
साथ ही भूमि स्वामित्व, आयकर, जीएसटी पंजीकरण, वाहन स्वामित्व एवं अन्य निर्धारित मानकों के आधार पर अपात्र लाभुकों का सत्यापन करते हुए नियमानुसार पात्रता नहीं पाए जाने पर राशन कार्ड से नाम विलोपित करने का निर्देश दिया गया। लंबे समय से खाद्यान्न का उठाव नहीं करने वाले लाभुकों के मामलों की भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
*गोदामों की स्थिति एवं हैंडओवर प्रक्रिया की समीक्षा कर दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश…*
गोदामों की स्थिति की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने ऐसे गोदाम, जिनका किसी कारणवश हैंडओवर नहीं हो पाया है, उनके संबंध में यथाशीघ्र हैंडओवर की प्रक्रिया पूर्ण कर गोदामों का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
गोदाम के रूप में उपयोग किए जा सकने वाले आसपास के सरकारी भवनों को चिन्हित कर उसकी सूची तैयार करने को कहा गया। खराब अथवा मरम्मत योग्य गोदामों की आवश्यक मरम्मत के लिए नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
सभी सहायक गोदाम प्रबंधकों (AGM) को गोदामों में नियमित रख-रखाव सुनिश्चित करने तथा खाद्यान्न लेकर आने वाले वाहनों को समय पर खाली कराने का निर्देश दिया गया, ताकि खाद्यान्न को समय पर डीलरों तक पहुंचाया जा सके और डीलरों द्वारा लाभुकों के बीच निर्धारित समय पर वितरण सुनिश्चित किया जा सके।
*अक्टूबर माह में शत-प्रतिशत खाद्यान्न वितरण एवं नवंबर-दिसंबर माह की DSD समय पर पूर्ण कराने के निर्देश…*
उपायुक्त ने अक्टूबर माह के खाद्यान्न वितरण में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने का निर्देश दिया। साथ ही नवंबर एवं दिसंबर माह की डोर-स्टेप डिलीवरी (DSD) निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित कराने को कहा गया।
उन्होंने निर्देश दिया कि गोदाम से खाद्यान्न का उठाव, डीलर तक खाद्यान्न की आपूर्ति एवं लाभुकों के बीच वितरण की पूरी प्रक्रिया पूर्व निर्धारित समय-सारणी के अनुरूप संचालित हो। किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
समीक्षा के दौरान गोदामों में पूर्व से उपलब्ध चना दाल, चीनी एवं नमक के संबंध में भी चर्चा की गई। उपायुक्त ने विभागीय निर्देश के आलोक में संबंधित खाद्य सामग्रियों का विभाग से समन्वय स्थापित कर नमूना परीक्षण (Sample Test) कराने तथा गुणवत्ता जांच के उपरांत नियमानुसार वितरण अथवा निस्तारण की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
*धान अधिप्राप्ति की तैयारियों एवं 34 धान अधिप्राप्ति केंद्रों की तैयारियो की हुई समीक्षा, सम्बन्धित पदाधिकारियों को कार्य योजना निर्धारित कर सभी तैयारियां ससमय पूर्ण करने के दिए गए निर्देश…*
बैठक में आगामी धान अधिप्राप्ति को लेकर कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई। किसानों का अधिक से अधिक पंजीकरण सुनिश्चित करने तथा धान अधिप्राप्ति प्रक्रिया को सुगम एवं पारदर्शी बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
जिले में 34 धान अधिप्राप्ति केंद्रों का चयन किए जाने की जानकारी दी गई। धान अधिप्राप्ति प्रक्रिया में सहयोग एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जेएसएलपीएस के सीएलएफ (CLF) को भी सहभागी बनाने का निर्देश दिया गया। साथ ही राइस मिलरों की सुगम टैगिंग सुनिश्चित करने को कहा गया।
*प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को कार्यशैली में सुधार लाने एवं लंबित कार्यों में अपेक्षित प्रगति लाने का निर्देश…*
विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को अपनी कार्यशैली में सुधार लाने, आमजनों के साथ सहयोगात्मक एवं सकारात्मक व्यवहार रखने तथा लंबित कार्यों में अपेक्षित सुधारात्मक प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि आपूर्ति विभाग से संबंधित योजनाओं का सीधा संबंध आमजनों एवं जरूरतमंद लाभुकों से है। ऐसे में सभी पदाधिकारी एवं कर्मी संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें तथा यह सुनिश्चित करें कि पात्र लाभुकों को निर्धारित समय पर योजनाओं का लाभ मिले।
बैठक में प्राप्त शिकायतों, पीजीएमएस एवं अन्य संबंधित पोर्टल पर दर्ज मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही जन वितरण प्रणाली की दुकानों, गोदामों एवं खाद्यान्न वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी जारी रखने को कहा गया।
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री राहुल जी आनंद, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी, सहायक गोदाम प्रबंधक, गोदाम प्रबंधक, राइस मिलर एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
