सरायकेला में कोटपा अधिनियम के तहत विशेष छापेमारी, कई दुकानदारों पर कार्रवाई
Seraikella
सरायकेला। जिले में तंबाकू नियंत्रण कानून को प्रभावी ढंग से लागू कराने के उद्देश्य से गुरुवार शाम खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन के नेतृत्व में मुख्यालय क्षेत्र में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान लगभग एक दर्जन दुकानों एवं गुमटियों की जांच की गई, जिसमें पान मसाला, तंबाकू और सिगरेट बेचने वाले कई दुकानदारों पर कार्रवाई की गई।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार विद्यालयों के 100 मीटर के दायरे में संचालित दुकानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में ऐसे प्रतिष्ठानों की जांच की गई जो कोटपा (COTPA) अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन कर रहे थे।
जांच के दौरान अधिकारियों ने बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री जब्त की, जिन पर न तो एक्सपायरी तिथि अंकित थी और न ही निर्माता कंपनी का नाम एवं अन्य आवश्यक विवरण उपलब्ध था। ऐसे उत्पादों को खाद्य सुरक्षा मानकों के विपरीत पाए जाने पर जब्त कर लिया गया।
अभियान के दौरान नियमों के विरुद्ध लगाए गए तंबाकू उत्पादों के प्रचार-प्रसार संबंधी कई साइन बोर्ड भी हटाए गए। अधिकारियों ने दुकानदारों को तंबाकू नियंत्रण कानून की जानकारी देते हुए भविष्य में नियमों का पालन करने का निर्देश दिया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्वास्थ्य की सुरक्षा तथा स्कूली विद्यार्थियों को तंबाकू उत्पादों के दुष्प्रभाव से बचाने के लिए इस प्रकार के विशेष जांच और छापेमारी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। अधिकारियों ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
