खरसावां स्कूल में ‘कबाड़ से जुगाड़’ प्रदर्शनी, बेकार
वस्तुओं से विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा, डॉ. एपीजे
अब्दुल कलाम की जयंती पर आयोजित हुई प्रतियोगिताएं,
Kharsawan
खरसावां के राजकीय प्लस टू उच्च विद्यालय में गुरुवार को भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं मिसाइल मैन डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती के अवसर पर ‘वेस्ट आउट ऑफ वेस्ट’ यानी ‘कबाड़ से जुगाड़’ प्रतियोगिता-सह-प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बेकार वस्तुओं से आकर्षक और उपयोगी सामग्री तैयार कर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी के माध्यम से कचरा प्रबंधन, पुनर्चक्रण, जल संचयन और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या मंजू हेम्ब्रम एवं मुख्य अतिथि खरसावां पंचायत की मुखिया सुनीता तापे ने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर डॉ. कलाम के जीवन, उनके वैज्ञानिक योगदान और विद्यार्थियों के प्रति उनके विचारों को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. कलाम का जीवन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने हमेशा युवाओं में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और रचनात्मकता को बढ़ावा दिया। प्रदर्शनी ने विद्यार्थियों को यह संदेश दिया कि बेकार समझी जाने वाली वस्तुओं का सही उपयोग कर न केवल उपयोगी सामग्री तैयार की जा सकती है, बल्कि पर्यावरण प्रदूषण को कम करने में भी योगदान दिया जा सकता है।

बेकार वस्तुओं से बनाए आकर्षक मॉडल
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने घरों और विद्यालयों से निकलने वाली बेकार वस्तुओं का उपयोग कर विभिन्न उपयोगी एवं आकर्षक मॉडल तैयार किए। इन मॉडलों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जल संचयन और रीसाइक्लिंग के महत्व को प्रदर्शित किया गया। निर्णायक मंडल में राज पेड़ा, पुष्पा बरला एवं प्रिया प्रभा शामिल रहीं। निर्णायकों ने रचनात्मकता और उपयोगिता के आधार पर प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया।
वेस्ट टू वेल्थ प्रदर्शनी के विजेता
कक्षा 9वीं एवं 10वीं की श्रेणी में सोनाली मोदक ने प्रथम, रानिका उरांव ने द्वितीय तथा रीना उरांव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, कक्षा 11वीं एवं 12वीं की श्रेणी में निशा मोदक प्रथम, हरीशा प्रधान एवं संदीप महतो द्वितीय तथा राधिका राउत तृतीय स्थान पर रहे। विशेष पुरस्कार के लिए अमित मुंडा, सुमिता उरांव एवं प्रकाश कुम्हार का चयन किया गया।
क्विज, पोस्टर और निबंध प्रतियोगिता के विजेता
क्विज प्रतियोगिता में कक्षा नौवीं से दीक्ष्या नायक, दसवीं से सोनाली मोदक, ग्यारहवीं से स्वरूप टुडू और बारहवीं से निशा मोदक ने अपनी-अपनी कक्षाओं में स्थान प्राप्त किया। पोस्टर प्रतियोगिता में लक्ष्मी मोदक विजेता रहीं, जबकि निबंध लेखन प्रतियोगिता में सुमिता उरांव ने सफलता हासिल की। कार्यक्रम के अंत में सभी विजेता प्रतिभागियों को विद्यालय प्रबंधन की ओर से मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मक प्रयासों की सराहना की।
