बकरीद को लेकर खरसावां पुलिस प्रशासन ने निकाला फ्लैग मार्च, किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और न ही उसे फैलाएं-गौरव कुमार
Kharsawan
बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर खरसावां पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके। सभी संवेदनशील एवं अति संवेदनशील स्थानों की पहचान कर ली गई है, जहां विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार के नेतृत्व खरसावां के कदमडीहा, खरसावां चांदनी चौक, बेहरासाई, बजारसाई आदि क्षेत्रो में फ्लैग मार्च निकाला गया। साथ ही खरसावां के कदमडीहा ईदगाह, खरसावां चांदनी चौक, मदीना मस्जिद बेहरासाई, खरसावां गोढपुर आदि स्थानों पर दंडाधिकारी के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा सके। पर्व के दौरान पुलिस की गश्ती व्यवस्था को और तेज कर दिया गया है। खरसावां के क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। इसके अलावा प्रमुख चौक-चौराहों, मस्जिदों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। वहीं श्री कुमार ने आम जनता से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और न ही उसे फैलाएं। विशेषकर सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे भ्रामक संदेशों से सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि यदि किसी को कोई संदिग्ध गतिविधि या सूचना मिलती है तो तुरंत कंट्रोल रूम या नजदीकी थाना को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। साथ ही प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था भंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है कि बकरीद का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सद्भाव के साथ संपन्न हो। इस दौरान मुख्य रूप से एस आई प्रकाश कुमार सहित पुलिस पदाधिकारी, पुलिस के जवान आदि शामिल थे।
