वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पांच खनिज लदे वाहन जब्त
कांद्रबेड़ा क्षेत्र में खनन विभाग का सघन जांच अभियान, ओवरलोडिंग भी मिली
Seraikella
सरायकेला। जिले में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए खनन विभाग की ओर से लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी के नेतृत्व में कांद्रबेड़ा क्षेत्र में सघन नाका जांच अभियान चलाया गया। अभियान में वैध दस्तावेज के अभाव और ओवरलोडिंग के मामले में पांच वाहनों को जब्त किया गया।

जिला प्रशासन एवं पुलिस के सहयोग से कांद्रबेड़ा काली मंदिर तथा कांद्रबेड़ा-डोबो मार्ग के आसपास जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान पत्थर लदे दो हाइवा, बालू लदे दो हाइवा तथा एक आइसर समेत कुल पांच वाहनों को रोककर जांच की गई।
जांच के दौरान वाहन चालकों से परिवहन चालान सहित खनिज परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया। हालांकि, पांचों वाहन चालक आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। जांच में वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक खनिज सामग्री पाए जाने पर ओवरलोडिंग का मामला भी सामने आया।

अनियमितता पाए जाने के बाद जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी ने सभी पांच वाहनों को जब्त कर लिया। जब्त वाहनों को सुरक्षा एवं नियमानुसार आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित थाना को सुपुर्द कर दिया गया है।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ जिला खनन विभाग, स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस के समन्वय से जांच और प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेगा। बिना वैध दस्तावेज के खनिज परिवहन तथा ओवरलोडिंग करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ प्रचलित नियमों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
