खूंटपानी उद्यान महाविद्यालय में रक्तदान शिविर, 20 यूनिट रक्त संग्रहित
पांच शिक्षक, 13 विद्यार्थियों समेत 20 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान,
Khutpani
खूंटपानी स्थित उद्यान महाविद्यालय परिसर में गुरुवार को सदर अस्पताल, सरायकेला-खरसावां के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में महाविद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 20 यूनिट रक्तदान किया। रक्तदाताओं में पांच शिक्षक, 13 विद्यार्थी, एक सुरक्षा कर्मी और एक दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी शामिल रहे। सदर अस्पताल के ब्लड सेंटर से पहुंची चिकित्सकीय एवं नर्सिंग टीम की देखरेख में रक्तदान की पूरी प्रक्रिया सुरक्षित तरीके से संपन्न करायी गयी। रक्तदान करने वाले सभी लोगों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। शिविर में रक्तदाताओं के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गयी थी। महाविद्यालय परिसर में आयोजित यह दूसरा रक्तदान शिविर था। शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता पैदा करना रहा। महाविद्यालय परिवार की सक्रिय भागीदारी से शिविर में रक्तदान को लेकर सकारात्मक माहौल देखने को मिला।
रक्तदान मानवीय संवेदना का प्रतीक : डॉ. अरुण कुमार सिंह
महाविद्यालय के एसोसिएट डीन डॉ. अरुण कुमार सिंह ने कहा कि रक्तदान सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय संवेदना का प्रतीक है। दुर्घटना, प्रसव संबंधी जटिलताओं, गंभीर बीमारी तथा शल्य चिकित्सा के दौरान मरीजों को तत्काल रक्त की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे समय में स्वैच्छिक रक्तदान किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं रक्तदान करने के साथ-साथ परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। शिविर का आयोजन एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अमित कुमार के नेतृत्व में किया गया। चिकित्सा समिति के अध्यक्ष डॉ. रविरंजन कुमार ने आवश्यक व्यवस्थाओं एवं समन्वय की जिम्मेदारी संभाली। वहीं सदर अस्पताल ब्लड सेंटर के लैब टेक्नीशियन अर्धेंदु कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में रक्त संग्रह किया गया। आयोजन में महाविद्यालय के शिक्षकों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही।
