ऑल इंडिया चौंपियन झारखंड टीम के खिलाड़ी सुमित सौरभ पूर्ति
का खरसावां में भव्य स्वागत, खेल प्रेमियों ने फूल-माला और शॉल ओढ़ाकर किया सम्मानित, राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में निभाई अहम भूमिका,
Kharsawan
स्कूल नेशनल गेम्स की राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में झारखंड को ऑल इंडिया चौंपियन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाकर लौटे आवासीय फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र, खरसावां के होनहार खिलाड़ी सुमित सौरभ पूर्ति का शनिवार को गृह क्षेत्र पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन कर झारखंड का मान बढ़ाने वाले सुमित के स्वागत में खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों और स्थानीय गणमान्य लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। खरसावां चांदनी चौक पर आयोजित स्वागत समारोह में उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया गया और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। सुमित के खरसावां पहुंचते ही चांदनी चौक पर डीएसए के उपाध्यक्ष छोटेराय किस्कू, सचिव मोहम्मद दिलदार, प्रशिक्षक बलराम महतो, ग्राम प्रधान मोहम्मद खालिद, हाजी अब्दुल गनी, भवेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों एवं खिलाड़ियों ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया।

इस दौरान उपस्थित लोगों ने सुमित को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्वागत समारोह के बाद चांदनी चौक से आवासीय फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र तक स्वागत जुलूस निकाला गया। जुलूस में शामिल खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने सुमित की उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। मौके पर श्री किस्कू ने कहा कि राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में झारखंड को ऑल इंडिया चौंपियन बनाने में सुमित की भूमिका सराहनीय रही है। यह उपलब्धि केवल खरसावां के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड राज्य के लिए गर्व और गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि सुमित ने अपनी मेहनत, लगन, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण से यह साबित किया है कि ग्रामीण एवं छोटे कस्बों की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं। उन्होंने कहा कि आवासीय फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र खरसावां के खिलाड़ी लगातार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। सुमित की सफलता केंद्र में संचालित प्रशिक्षण व्यवस्था और खिलाड़ियों की मेहनत का भी परिणाम है। ऐसे खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने से दूसरे युवा खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। सुमित की इस उपलब्धि से खरसावां के खेल जगत में खुशी का माहौल है। स्थानीय खेल प्रेमियों ने उम्मीद जताई कि सुमित भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराएंगे तथा भारतीय फुटबॉल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में योगदान देंगे।
