खरसावां मे जरूरतमंद परिवारों के घरों में खुशियों का दीप जलाया, गायत्री परिवार ने 21 परिवारों के बीच बांटी दीपावली सामग्री और मिठाई,
Kharsawan
खरसावां मे दीपावली के पावन पर्व पर समाज के जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लाने के उद्देश्य से अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से सराहनीय पहल की गई। संगठन की ओर से खरसावां प्रखंड अंतर्गत हरिभंजा पंचायत के टांकोडीह एवं आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले 21 जरूरतमंद परिवारों के बीच दीपावली सामग्री एवं मिठाई का वितरण किया गया।
इस सामाजिक पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि आर्थिक तंगी के कारण कोई भी परिवार दीपावली की खुशियों से वंचित न रहे। संगठन के सदस्यों ने जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचकर उन्हें दीपावली की सामग्री और मिठाई भेंट की तथा त्योहार की खुशियां साझा कीं। सामग्री और मिठाई पाकर लाभुक परिवारों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से खरसावां मॉडल महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विनय कुमार सिंह, शिक्षाविद् सह समाजसेवी आलोक दास, महाविद्यालय के शिक्षक नंदकिशोर, शिक्षक वकील बारीक एवं एकल विद्यालयों के जिला निरीक्षक कालीचरण महतो उपस्थित रहे। इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि दीपावली केवल घरों में दीप जलाने और उत्सव मनाने का पर्व नहीं है, बल्कि यह दूसरों के जीवन में भी खुशियों का प्रकाश फैलाने का संदेश देता है। त्योहार की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब समाज के अंतिम व्यक्ति तक इसकी खुशियां पहुंचें। उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम और संपन्न लोगों को जरूरतमंद, असहाय एवं गरीब परिवारों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए। अतिथियों ने अखिल विश्व गायत्री परिवार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के सेवा कार्य समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के माध्यम से संगठन ने सेवा, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
