राष्ट्रीय युवा महोत्सव में युवाओं ने दिखाई अपनी कला प्रतिभा, लोक नृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने किया शानदार प्रदर्शन
Gamharia
राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2026 के अवसर पर विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के अंतर्गत गम्हरिया स्थित अर्का जैन यूनिवर्सिटी में विभिन्न कला विधाओं की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस आयोजन में युवाओं ने अपनी रचनात्मकता, सांस्कृतिक विरासत और कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार एवं अर्का जैन यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. धनवीर धनजल ने संयुक्त रूप से किया। समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में कुचाई के प्रखंड विकास पदाधिकारी साधु चरण देवगम तथा यूनिवर्सिटी के प्रो-वाइस चांसलर डॉ. अंगद कुमार तिवारी उपस्थित रहे। प्रतियोगिताओं में सामूहिक लोक नृत्य के दौरान कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। इस प्रतियोगिता में छऊ नृत्य कला केंद्र की टीम विजेता रही। सामूहिक लोकगीत प्रतियोगिता में गम्हरिया की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में लोक कला मंच, उदालखाम ने जीत हासिल की। अन्य प्रतियोगिताओं में कविता लेखन के लिए दीपांशी प्रसाद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में पवन कुमार, नंदिनी घोष एवं आशीष कुमार ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए बीडीओ साधु चरण देवगम ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ अपनी प्रतिभा और कौशल को विकसित करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, डॉ. अंगद कुमार तिवारी ने कहा कि रोजगार के अवसरों के लिए शिक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है, लेकिन कला भी आजीविका का एक सशक्त माध्यम है। कला के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। इसकी कई विधाएं ऐसी हैं, जिनका प्रशिक्षण पारंपरिक विद्यालयी शिक्षा से अलग होता है। युवा अपनी कलात्मक प्रतिभा को पहचानकर इसे रोजगार और आत्मनिर्भरता का माध्यम बना सकते हैं। इस आयोजन ने युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करने के साथ-साथ लोककला, संस्कृति एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति के महत्व को भी रेखांकित किया।
कार्यक्रम में डॉ. रूपा सरकार, विशाल कुमार, डॉ. स्वीटी सिन्हा, उमा कुमारी, डॉ. ओम प्रकाश, नंदू कुमारी, मधु कुमारी, प्रभा शंकर तिवारी, मनोज महतो एवं अभिमन्यु प्रधान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के डॉ. ओम प्रकाश एवं जिला खेल संघ (डीएसए) के मोहम्मद दिलदार ने संयुक्त रूप से किया।
