दुर्गापूजा से पहले अवैध शराब पर उत्पाद विभाग का शिकंजा, दो भट्टियां ध्वस्त, 19 लीटर चुलाई शराब जब्त, 2100 किलो जावा महुआ मौके पर किया गया विनष्ट
Kharsawan
खरसावां। आगामी दुर्गापूजा को लेकर सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ उत्पाद विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर सोमवार को उत्पाद विभाग ने खरसावां थाना क्षेत्र में विशेष छापेमारी अभियान चलाकर अवैध शराब की दो भट्टियों को ध्वस्त कर दिया।
अधीक्षक उत्पाद क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान खरसावां थाना अंतर्गत बरजूडीह और गांगुडीह में अवैध रूप से संचालित चुलाई शराब की दो भट्टियों को नष्ट किया गया। कार्रवाई के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने कुल 19 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की। वहीं, शराब बनाने के लिए तैयार किया गया करीब 2100 किलोग्राम जावा महुआ मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया।
उत्पाद विभाग की कार्रवाई के बाद अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति रही। विभाग द्वारा अवैध शराब के निर्माण और कारोबार में संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है। संबंधित भट्टी संचालकों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जिला प्रशासन ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विशेष रूप से दुर्गापूजा के मद्देनजर अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संबंधित विभागों को सतत निगरानी और कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना संबंधित विभाग अथवा स्थानीय प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
