झारखंड विधानसभा की उपक्रम समिति पहुंची सरायकेला, अधिकारियों के साथ बैठक शुरू
Seraikella
सरायकेला : झारखंड विधानसभा की उपक्रम समिति सोमवार की शाम सरायकेला पहुंची। समिति के सभापति विधायक निरल पूर्ति के नेतृत्व में सदस्य विधायक जगत मांझी और विधायक अमित श्रीवास्तव भी सरायकेला पहुंचे। परिसदन में समिति ने विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ बैठक शुरू की। बैठक में विभागीय योजनाओं, कार्यों और उनसे जुड़े विषयों की जानकारी समिति के समक्ष रखी जा रही है।
समिति के सरायकेला पहुंचने पर उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने सभापति एवं समिति के सदस्यों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इसके बाद विभागीय अधिकारियों के साथ समिति की बैठक प्रारंभ हुई।
इस अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष डॉ. शिवेंदु महतो, नगर अध्यक्ष शंभू आचार्य, साहित्य एवं संस्कृति प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष अविनाश कबी, कृष्णा राणा सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। सभी ने सभापति निरल पूर्ति और समिति के सदस्यों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
बताया गया कि समिति विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करेगी और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त करेगी। समिति के दौरे को जिले में सरकारी योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
