खरकई नदी के संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण को बनेगी समग्र कार्ययोजना
आदित्यपुर के अर्बन रिवर मैनेजमेंट प्लान पर डीसी की अध्यक्षता में दूसरी बैठक
नदी तट विकास, जल संरक्षण, एसटीपी सुदृढ़ीकरण और जलभराव के स्थायी समाधान पर जोर
Adityapur
आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में खरकई नदी और उससे जुड़े जलस्रोतों के संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण तथा शहरी पर्यावरण को बेहतर बनाने के लिए अर्बन रिवर मैनेजमेंट प्लान (URMP) तैयार करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसी क्रम में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मल्टी-स्टेकहोल्डर वर्किंग ग्रुप (MSWG) की द्वितीय बैठक हुई। बैठक में पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन और अब तक हुई प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई।

बैठक में खरकई नदी के समग्र विकास एवं संरक्षण, नदी तट विकास, जल संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, जल निकासी तथा शहरी हरित क्षेत्र के विकास पर विस्तृत चर्चा हुई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि URMP को केवल नदी संरक्षण तक सीमित नहीं रखा जाए, बल्कि बाढ़ और जलभराव प्रबंधन, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा नागरिक सुविधाओं के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार की जाए।
नदी तट और जल निकायों के संरक्षण पर विशेष जोर
उपायुक्त ने नदी तट के सुव्यवस्थित विकास, फ्लड प्लेन प्लान, तालाबों एवं अन्य जल निकायों के संरक्षण और उपलब्ध भूमि के बेहतर उपयोग को योजना में शामिल करने का निर्देश दिया। जल संचयन और भू-जल संरक्षण के लिए भी प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया। खरकई नदी एवं उससे जुड़े जलस्रोतों को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए ठोस और व्यावहारिक उपाय तय करने को कहा गया।
कचरा और जलभराव की समस्या का होगा समाधान
बैठक में ठोस कचरे के संग्रहण, परिवहन और निस्तारण की व्यवस्था को व्यवस्थित करने पर चर्चा हुई। नदी, नालों और जल निकायों में कचरा जाने से रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। वहीं नालों की कनेक्टिविटी, जल निकासी और जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए संरचनात्मक एवं प्रबंधन संबंधी उपायों को URMP में शामिल करने को कहा गया।
पिछली बैठक में चिन्हित तालाबों के जीर्णोद्धार, सीवेज व ड्रेनेज व्यवस्था, एसटीपी के सुदृढ़ीकरण, जलापूर्ति, भू-जल संरक्षण, पार्क एवं हरित क्षेत्र के विकास, नदी तट सौंदर्गीकरण तथा ठोस-तरल अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अद्यतन आंकड़े, मैपिंग, तकनीकी जानकारी और आवश्यक प्रस्ताव समयबद्ध उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। बैठक में नगर आयुक्त आदित्यपुर एजाज अनवर, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ और अन्य हितधारक मौजूद रहे।
