35 दुकानों में तंबाकू बिक्री की जांच, नियम तोड़ने वालों को सख्त हिदायत
चौका-कांड्रा में जिला तंबाकू नियंत्रण कोषांग व खाद्य सुरक्षा विभाग का संयुक्त अभियान
Seraikella
सरायकेला उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला तंबाकू नियंत्रण कोषांग एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार को चौका एवं कांड्रा थाना क्षेत्र में तंबाकू उत्पादों की बिक्री और उपयोग को लेकर विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान करीब 35 दुकानों एवं प्रतिष्ठानों की जांच की गई। टीम ने दुकानदारों को COTPA समेत तंबाकू नियंत्रण से जुड़े अन्य कानूनी प्रावधानों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया।

जांच के दौरान सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA), 2003, झारखंड में लागू प्रावधान, इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम, 2019 तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अनुपालन की पड़ताल की गई। जिला परामर्शी, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (NTCP) ने दुकानदारों को स्पष्ट किया कि 18 वर्ष से कम उम्र के लोगों को तंबाकू उत्पादों की बिक्री नहीं की जाए। वहीं शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
पैकेट पर स्वास्थ्य चेतावनी जरूरी, सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान पर रोक
टीम ने दुकानदारों को तंबाकू उत्पादों के पैकेट पर निर्धारित चित्रात्मक स्वास्थ्य चेतावनी की जांच करने और बिना निर्धारित स्वास्थ्य चेतावनी वाले उत्पादों की बिक्री नहीं करने की हिदायत दी। होटल एवं अन्य सार्वजनिक प्रतिष्ठानों के संचालकों को निर्धारित मानक के अनुसार ‘धूम्रपान निषेध क्षेत्र’ का बोर्ड लगाने तथा सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान प्रतिबंधित होने संबंधी प्रावधानों का पालन करने को कहा गया।
खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता की कमी पर चेतावनी
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, चांडिल अनुमंडल विशाल कुमार सिंह ने खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान स्वच्छता एवं सैनिटाइजेशन में कमी तथा कर्मियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं होने पर संचालकों को निर्धारित समय-सीमा में कमियां दूर करने का निर्देश दिया। प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा के साथ नियमित सैनिटाइजेशन, व्यक्तिगत स्वच्छता और कर्मियों की मेडिकल फिटनेस सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि तंबाकू नियंत्रण कानूनों के प्रभावी अनुपालन के लिए जांच और प्रवर्तन अभियान आगे भी जारी रहेगा। लोगों से तंबाकू सेवन से दूर रहने तथा इसका सेवन करने वालों को तंबाकू छोड़ने के लिए प्रेरित करने की अपील की गई। अभियान में चौका और कांड्रा थाना पुलिस का भी सहयोग रहा।
