पोषण माह में व्यंजन प्रतियोगिता, बालिगुमा आंगनबाड़ी केंद्र ने जीता प्रथम पुरस्कार
Gamharia
गम्हरिया पोषण माह के अंतर्गत मंगलवार को आदित्यपुर परियोजना के गम्हरिया प्रखंड स्तर पर व्यंजन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों की सेविकाओं ने पौष्टिक एवं स्थानीय खाद्य पदार्थों से तैयार व्यंजनों का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को संतुलित एवं पोषणयुक्त आहार के प्रति जागरूक करना रहा।
प्रतियोगिता में बालिगुमा आंगनबाड़ी केंद्र ने प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रथम पुरस्कार हासिल किया। वहीं द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले आंगनबाड़ी केंद्रों को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गम्हरिया अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का आयोजन आदित्यपुर की सीडीपीओ दुर्गेश नंदिनी के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान महिला पर्यवेक्षिका माया महतो सहित परियोजना क्षेत्र की सभी सेविका एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं। प्रतियोगिता में विभिन्न प्रकार के पौष्टिक व्यंजनों को प्रदर्शित किया गया तथा इनके पोषण संबंधी महत्व की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के माध्यम से गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं बच्चों के लिए पोषणयुक्त भोजन के महत्व पर जोर दिया गया।

अधिकारियों एवं कर्मियों ने कहा कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य सामग्री का बेहतर उपयोग कर स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन तैयार किया जा सकता है। इससे परिवार में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
