खरसावां अर्जुना स्टेडियम में खेलो झारखंड के बाद पसरी
गंदगी, आयोजन व्यवस्था पर उठे सवाल, सरकार ने प्रतियोगिता के लिए
दिए थे 30 हजार, भोजन के बाद थर्माेकोल प्लेटें मैदान में फेंकी,
kharsawan
झारखंड सरकार खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित खेलो झारखंड प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिता के समापन के बाद खरसावां का अर्जुना स्टेडियम सह राजकीय प्लस टू उच्च विद्यालय परिसर गंदगी से पट गया। प्रतियोगिता के दौरान बेहतर व्यवस्था के दावे के बीच कार्यक्रम खत्म होते ही मैदान में जगह-जगह फेंकी गई थर्माेकोल की प्लेटें आयोजन समिति की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही हैं। बताया गया कि झारखंड सरकार की ओर से प्रखंड स्तरीय खेलो झारखंड प्रतियोगिता के आयोजन के लिए 30 हजार रुपये का आवंटन दिया गया था। इसके बावजूद प्रतियोगिता के बाद मैदान और स्कूल परिसर में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं दिखी। प्रतियोगिता में शामिल स्कूली बच्चों के भोजन के लिए इस्तेमाल की गई थर्माेकोल की प्लेटें इधर-उधर फेंकी हुई नजर आईं। अर्जुन स्टेडियम के खेल मैदान से लेकर स्कूल परिसर के आसपास तक जगह-जगह थर्माेकोल प्लेट और अन्य कचरा बिखरा रहा।

इससे मैदान का स्वरूप बिगड़ गया और विद्यालय परिसर में भी गंदगी का नजारा देखने को मिला। जिस मैदान में बच्चों ने खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया, उसी मैदान को आयोजन के बाद कचरे के ढेर के बीच छोड़ दिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी राशि से आयोजन होने के बावजूद कार्यक्रम के बाद सफाई की जिम्मेदारी सुनिश्चित नहीं किया जाना गंभीर लापरवाही है। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने हिस्सा लिया था। ऐसे में विद्यालय परिसर में इस तरह गंदगी फैलना स्वच्छता और बच्चों के स्वास्थ्य की दृष्टि से भी चिंता का विषय है।
सरकारी राशि खर्च, फिर सफाई व्यवस्था क्यों बदहाल?
अब सवाल उठ रहा है कि जब आयोजन के लिए 30 हजार रुपये की राशि उपलब्ध कराई गई थी, तो क्या इसमें साफ-सफाई की व्यवस्था भी शामिल थी और यदि थी, तो प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद मैदान की सफाई क्यों नहीं कराई गई? स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और आयोजन समिति से मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।
