जिले के आरक्षी अधीक्षक ने खरसावां थाना के पुराने कांडों का किया समीक्षा, खरसावां क्षेत्र में अपराध पर रहे सख्त नजर, पेट्रोलिंग बढ़ाएं-मनोज स्वर्गियारी
kharsawan
सरायकेला-खरसावां जिले के आरक्षी अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने रविवार को खरसावां थाना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना के पुराने कांडों की विस्तृत समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निष्पादन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को लंबित मामलों की वर्तमान स्थिति की नियमित समीक्षा करने तथा साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। एसपी ने कहा कि खरसावां थाना क्षेत्र पूर्व में नक्सल प्रभावित रहा है। वर्तमान में क्षेत्र शांतिपूर्ण है, लेकिन पुलिस को पूरी तरह सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने नक्सली गतिविधियों, उनके संभावित मूवमेंट तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर लगातार नजर रखने और समय पर सूचनाओं का संकलन कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खरसावां थाना क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था हर हाल में बनी रहनी चाहिए। किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना की रोकथाम के लिए नियमित गश्ती (पेट्रोलिंग) बढ़ाई जाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए। अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस की सक्रियता और जनसंपर्क दोनों आवश्यक हैं।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना आने वाले शिकायतकर्ताओं के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायतकर्ता की बात धैर्यपूर्वक सुनी जाए तथा उन्हें उचित कानूनी सलाह और सहयोग प्रदान किया जाए। यदि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति समुदाय से जुड़े लोग ऐसे मामलों को लेकर थाना पहुंचते हैं जो पुलिस के अधिकार क्षेत्र से बाहर हैं, तो उन्हें संबंधित विभाग की जानकारी देकर उचित मार्गदर्शन किया जाए। एसपी मनोज स्वर्गियारी ने थाना के सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ बैठक कर उन्हें ईमानदारी, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास बनाए रखना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और इसके लिए संवेदनशील एवं जवाबदेह पुलिसिंग आवश्यक है।
इस अवसर पर खरसावां थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह सहित थाना के सभी पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
