ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर सरायकेला-खरसावां में कल सभी स्कूल रहेंगे बंद
28 अक्टूबर को जिले के सभी कोटि के विद्यालयों में अवकाश, जिला शिक्षा अधीक्षक ने जारी किया कार्यालय आदेश
Seraikella
सरायकेला। मौसम विभाग की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरायकेला-खरसावां जिले के सभी विद्यालयों को 28 अक्टूबर 2026 को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय की ओर से 27 अक्टूबर को जारी कार्यालय आदेश में इसकी जानकारी दी गई है।

आदेश के अनुसार, उपायुक्त सरायकेला-खरसावां के निर्देशानुसार मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिकोण से जिले में संचालित सभी कोटि के विद्यालय बंद रहेंगे। इस आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों को सौंपी गई है।
जिला शिक्षा अधीक्षक ने आदेश की प्रतिलिपि जिले के सभी कोटि के विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, संबंधित प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों और जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई एवं सूचना के लिए भेजी है। साथ ही उपायुक्त को भी आदेश की प्रति सादर सूचनार्थ समर्पित की गई है।
इस आदेश से जिले के सरकारी एवं अन्य सभी कोटि के विद्यालयों में 28 अक्टूबर को पढ़ाई स्थगित रहेगी।
