सुमित एफसी सीनी की लगातार तीसरी जीत, टेंगाडीह को 3-1 से हराया; बुरुडीह और भेलाईडीह का मुकाबला 2-2 से ड्रॉ
Seraikella
सरायकेला-खरसावां जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित जिला फुटबॉल लीग-2026 के तहत सोमवार को बिरसा मुंडा स्टेडियम में खेले गए दोनों मुकाबले रोमांच से भरपूर रहे। पहले मैच में एनएससी बुरुडीह और एमएलसी भेलाईडीह के बीच मुकाबला 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ, जबकि दूसरे मैच में सुमित एफसी सीनी ने एबीपी टेंगाडीह, नीमडीह को 3-1 से हराकर प्रतियोगिता में लगातार तीसरी जीत दर्ज की।

पहले मुकाबले के पहले हाफ में दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं। दूसरे हाफ के 48वें मिनट में तपन सरदार और 50वें मिनट में आकाश मोदी के लगातार दो गोलों की बदौलत भेलाईडीह ने 2-0 की बढ़त बना ली। इसके बाद बुरुडीह ने जोरदार वापसी की।

54वें मिनट में मिले पेनाल्टी को सचिन हेंब्रम ने गोल में बदलकर अंतर कम किया, जबकि 60वें मिनट में दीपक हेंब्रम ने गोल दागकर मैच 2-2 की बराबरी पर ला दिया। दूसरे मैच में टेंगाडीह के श्रवण मारडी ने सातवें मिनट में गोल कर टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। हालांकि, सुमित एफसी सीनी ने शानदार वापसी करते हुए 41वें मिनट में सूरसिंह सामड़ के गोल से बराबरी हासिल की। इसके बाद 57 वें मिनट में विनोद सरदार और 69वें मिनट में सूरसिंह सामड़ ने अपना दूसरा गोल कर टीम को 3-1 की शानदार जीत दिला दी।

मैचों में रेफरी की जिम्मेदारी दशरथ हसदा, दिकू हेंब्रम, देवा सरदार और संतोष महतो ने निभाई। वहीं शंकर सरदार, लक्ष्मण सरदार, एन. सिंहदेव, समीर महतो, पॉल और रतन मुर्मू ने प्रतियोगिता के सफल संचालन में सहयोग किया।
