जिला फुटबॉल लीगः कृष इलेवन जोजोडीह ने सरगीडीह को 5-0 से रौंदा, सेरेंगदा एफसी ने भी दर्ज की शानदार जीत
Kharsawan
सरायकेला-खरसावां जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित जिला फुटबॉल लीग-2026 (अर्जुना कप) के तहत बुधवार को अर्जुना स्टेडियम, खरसावां में खेले गए दोनों मुकाबलों में सेरेंगदा एफसी और कृष-इलेवन जोजोडीह ने शानदार जीत दर्ज की। दूसरे मैच में रौशन हांसदा की हैट्रिक की बदौलत कृष-इलेवन जोजोडीह ने एंजेल एफसी सरगीडीह को 5-0 से करारी शिकस्त दी।

पहले मुकाबले में सेरेंगदा एफसी ने बीएमसी धोलूडीह एफसी को 4-2 से हराया। मैच के आठवें मिनट में धोलूडीह के स्ट्राइकर सुशील सरदार ने गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। हालांकि, 32वें मिनट में सेरेंगदा के बाली तियू ने बराबरी का गोल दाग दिया। इसके बाद 36वें मिनट में छोटे लाल भूमिज और 45वें मिनट में बाली तियू ने अपना दूसरा गोल कर सेरेंगदा को 3-1 की मजबूत बढ़त दिला दी। दूसरे हाफ के 46वें मिनट में धोलूडीह के सियाराम सरदार ने गोल कर अंतर कम किया, लेकिन मैच के अंतिम क्षणों में रोहिन लोहार ने गोल कर सेरेंगदा की 4-2 से जीत सुनिश्चित कर दी।
दूसरे मुकाबले में कृष-इलेवन जोजोडीह का दबदबा पूरी तरह देखने को मिला। रौशन हांसदा ने शानदार हैट्रिक लगाई, जबकि करण तियू और गुरा सुम्ब्रई ने एक-एक गोल कर टीम को 5-0 की एकतरफा जीत दिलाई। इस जीत के साथ जोजोडीह ने लीग में अपना विजयी अभियान जारी रखा।
मैचों में अनुराग सोय, धनंजय कालिंदी, कृष्णा पाड़िया, विशाल गोप, तपन नायक, विकास कुमार, संतोष महतो, दिकू हेंब्रम एवं प्रकाश कुमार ने रेफरी की जिम्मेदारी निभाई।
17 जुलाई के मुकाबले
पहला मैच (दोपहर 2:00 बजे): एसएफए मातकमडीह बनाम अर्बन सिटी सीतारामपुर
दूसरा मैच (अपराह्न 3:30 बजे): बीएमसी धोलूडीह बनाम एसएमसी प्रधानगोड़ा
दोनों मुकाबले अर्जुना स्टेडियम, खरसावां में खेले जाएंगे।
