जिला फुटबॉल लीग: दीनबंधु चक्रधरपुर की पहली जीत, सेरेंगदा ने आरएफटीसी को हराकर किया उलटफेर
Kharsawan
सरायकेला-खरसावां जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित जिला फुटबॉल लीग अर्जुना कप-2026 के तहत गुरुवार को अर्जुना स्टेडियम, खरसावां में खेले गए मुकाबलों में दीनबंधु एफसी चक्रधरपुर और सेरेंगदा एफसी ने शानदार जीत दर्ज की। दूसरे मैच में सेरेंगदा एफसी ने मजबूत मानी जा रही आरएफटीसी खरसावां को 1-0 से हराकर बड़ा उलटफेर किया।

पहले मुकाबले में दीनबंधु एफसी चक्रधरपुर ने रीडिंग एफसी को 2-1 से पराजित किया। मैच के 16वें मिनट में दीनबंधु के देवराज मुर्मू ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ के 48वें मिनट में रीडिंग एफसी के जीतेन हेंब्रम ने बराबरी का गोल दागा। इसके बाद 56वें मिनट में देवराज मुर्मू ने अपना दूसरा और टीम का विजयी गोल कर दीनबंधु एफसी को प्रतियोगिता में लगातार दो ड्रॉ के बाद पहली जीत दिलाई।
दूसरा मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। पहले हाफ में दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं। दूसरे हाफ में रोहिन लोहरा ने शानदार गोल कर सेरेंगदा एफसी को 1-0 की बढ़त दिलाई। मैच के अंतिम क्षणों में आरएफटीसी खरसावां ने बराबरी के लिए कई आक्रमण किए, लेकिन सेरेंगदा की मजबूत रक्षा पंक्ति के सामने सफलता नहीं मिली। निर्धारित समय तक यही स्कोर कायम रहा और सेरेंगदा एफसी ने 1-0 से जीत दर्ज कर प्रतियोगिता का बड़ा उलटफेर कर दिया।
24 जुलाई के मुकाबले (बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला):
दोपहर 2:00 बजे: एनएससी बुरुडीह बनाम एमएलसी भेलाईडीह
अपराह्न 3:30 बजे: सुमित एफसी सीनी बनाम एबीपी टेंगाडीह, नीमडीह
