जिला फुटबॉल लीग: भेलाईडीह और मुंडाटांड़ की शानदार जीत, राजू माझी और राजू बारी ने लगाई हैट्रिक
Seraikella
सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित जिला फुटबॉल लीग-2026 के तहत रविवार को बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में खेले गए दोनों मुकाबलों में एमएलसी भेलाईडीह और एवरेस्ट क्लब मुंडाटांड़ ने शानदार जीत दर्ज की।
दिन के पहले मुकाबले में एमएलसी भेलाईडीह ने खूंटपानी को 5-1 के बड़े अंतर से पराजित कर टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखा। टीम की जीत के नायक राजू माझी रहे, जिन्होंने मैच के दूसरे, 23वें और 45वें मिनट में गोल दागकर शानदार हैट्रिक पूरी की। इसके अलावा आकाश मार्डी और तपन सरदार ने एक-एक गोल कर टीम की जीत को और मजबूत बनाया। खूंटपानी की ओर से रोहित महतो ने एकमात्र गोल किया।
दूसरे मुकाबले में एवरेस्ट क्लब मुंडाटांड़ ने टेंगाडीह (नीमडीह) को 5-1 से हराकर शानदार जीत हासिल की। मुंडाटांड़ की ओर से राजू बारी ने शानदार हैट्रिक लगाई, जबकि प्रवीण महतो ने दो गोल दागकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
13 जुलाई के मुकाबले:
पहला मैच: यूथ क्लब खामारडीह बनाम ग्रीन एरिया एफसी दलभंगा — दोपहर 2:00 बजे
दूसरा मैच: दीनबंधु क्लब सीकेपी बनाम एसएफए मातकमडीह — अपराह्न 3:30 बजे
दोनों मुकाबले बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में खेले जाएंगे।
