जिला फुटबॉल लीग 2026: यूथ क्लब खामरडीह की शानदार जीत, एंजेल एफसी को 6-1 से हराकर सुपर-5 की उम्मीद बरकरार
Kharsawan
सरायकेला-खरसावां जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित जिला फुटबॉल लीग 2026 (अर्जुना-कप) के तहत गुरुवार को अर्जुना स्टेडियम, खरसावां में खेले गए पहले मुकाबले में यूथ क्लब खामरडीह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एंजेल एफसी सरगीडीह को 6-1 के बड़े अंतर से पराजित कर सुपर-5 में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को मजबूत बनाए रखा।
मैच की शुरुआत से ही खामरडीह की टीम पूरी तरह हावी रही। पहले हाफ में ही टीम ने 4-1 की बढ़त बना ली थी। टीम की जीत में राहुल हाईबुरु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार गोल दागे, जबकि देवाशीष बोदरा ने दो गोल कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। एंजेल एफसी की रक्षापंक्ति राहुल और देवाशीष की आक्रामक जोड़ी को रोकने में पूरी तरह नाकाम रही।
एंजेल एफसी सरगीडीह की ओर से एकमात्र गोल गणेश गागराई ने मैच के 31वें मिनट में किया।
दिन के दूसरे मुकाबले में रीडिंग एफसी को प्रतिद्वंद्वी टीम के मैदान में नहीं उतरने के कारण वॉकओवर मिला।
31 जुलाई के मुकाबले
आरएफटीसी खरसावां बनाम एसएमसी प्रधानगोडा — दोपहर 2:00 बजे
तूड़ीयान एफसी बनाम यूथ क्लब खामरडीह — अपराह्न 3:30 बजे
स्थान: अर्जुना स्टेडियम, खरसावां।
